नई दिल्ली। राजधानी में अपराध का ग्राफ कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है और सोमवार की रात के बाद जब सुबह आई तो एक के बाद एक तीन हत्या की वारदात के बाद दिल्ली थर्रा उठी। बीती रात दिल्ली जैतपुर इलाके में एक युवक ने अपने ही पड़ोसी दुकानदार के सीने में गोलियां उतार दी जिससे उसकी मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर बचाने आए उसके भाई पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी है कि जैतपुर इलाके में आरोपी जमुना सिंह और रवि की बेकरी और इलेक्ट्रानिक की दुकान थी। दोनों के बीच किसी भी चीज को लेकर मनमुटाव नहीं था। अक्सर दोनों एक दूसरे की दुकान पर बैठा भी करते थे लेकिन सोमवार देर रात जमुना सिंह ने रवि को अपनी दुकान पर बुलाया और दोनों के बीच ना जाने किस बात को लेकर बवाल हो गया और जुमला सिंह ने रवि के सीने पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ 6 गोलियां बरसा दी। जिसमें से 4 गोली रवि के सीने में लगी।
गोलियों की आवाज सुनकर रवि का भाई भी मौके पर आ गया। जमुना सिंह ने रवि के भाई पर भी गोलियां चलाना चाहा लेकिन तब तक उसकी गोली ही खत्म हो गई थी। जमुना सिंह ने रवि के भाई पर बंदूक की बट से वार कर दिया जिससे वह घायल हो गया। वही इस पूरी वारदात में रवि की मौत हो गई। जिसके बाद आस पास के लोगों ने आरोपी जमुना सिंह को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि अभी तक घटना के पीछे की वजह साफ नहीं हुई है।
आपको बता दें कि सोमवार की रात दिल्ली में बस यहीं खबर सुर्खियों में नहीं बनी बल्कि सोमवार रात को और दो घटनाएं ऐसी हुई जिससे दिल्ली पूरी तरह से थर्रा उठी और कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल उठ गए। हली घटना दिल्ली के भजनपुरा इलाके से है। यहां बदमाशों ने एक युवक पर इतनी गोलियां चलाई कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यहां आरिफ नामक युवक देर रात करीब एक बजे अपने घर से बाहर निकला था। वह फोन पर बात करते करते अपने घर से आगे जाने लगा। लेकिन अचानक ही वहां पर बाइक सवार बदमाशों ने अपना तांडव दिखाना शुरु कर दिया। अपराधियों ने आरिफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसपर 30 गोलियां बरसाईं। इस फायरिंग में आरिफ के शरीर में 25 गोलियां लगी। इतनी सारी गोलियां लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से तत्काल फरार हो गए।
जानकारी है कि बदमाशों ने आरिफ की मौत होने के बाद भी उसपर गोलियां चलाना बंद नहीं किया। मृतक आरिफ कपड़ा सिलाई का काम करता है। वही दूसरी घटना दिल्ली के ब्रह्मापुरी इलाके की है। यहां भी बदमाशों के हौसले कम बुलंद नहीं हैं। बदमाशों ने यहां एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी। महज चार घंटों के अंदर दिल्ली में डबल मर्डर से हड़कंप की स्थिति हो रखी है। पुलिस भी जल्द से जल्द बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।