लखनऊ। उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में सूबे के 24 जिलों में बुधवार को सुबह साढ़े सात बजे से मतदान जारी है। इस बीच कानपुर, मेरठ समेत कुछ जिलों के कई मतदान केंद्रों से ईवीएम में खराबी के समाचार मिले हैं।
बता दें कि ईवीएम में खराबी के चलते कई स्थानों पर मतदान प्रभावित हुआ है। कानपुर के नौबस्ता इलाके के बूथ संख्या 66 पर ईवीएम में आई खराबी के चलते मतदाताओं ने वहां हंगामा भी किया। वार्ड संख्या 63 में हंगामा कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज का आरोप भी लग रहा है।
वहीं मेरठ में सुबह मतदान शुरु होते ही वार्ड संख्या 72 के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम में खराबी की खबर मिली। मेरठ में ही वार्ड संख्या 89 में ईवीएम की खराबी पर लोगों ने हंगामा किया।