मेरठ। मेरठ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्या एक दिवसीय दौरे पर आए। इस मौके पर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनवाया। साथ ही उप मुख्यमंत्री ने विपक्षियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस तीनों मिल कर प्रदेश में बीजेपी को मिले जनादेश का अनादर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती का सहरानपुर जाना और फिर रामपुर में दलित लड़कियों से हुई छेड़छाड़ मामले में चु्प्पी साधना साफ तौर पर यह दर्शाता है कि उनके चहरे पर क्या है और उनका असली चरित्र क्या है।
केशव प्रसाद मोर्या ने कहा कि जबसे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है तब से कानून व्यवस्था में सुधार आया है और अपराधी ये जान चुके है कि उनके लिए अब राज्य में कोई जगह नहीं है। यही वजह है जो योगी सरकार के गठन के बाद अपराधियों में भय पैदा हुआ है। उप मुख्यमंत्री का दावा है कि जल्द ही सहारनपुर के दोषियों का चेहरा जनता के सामने लाया जाएगा और असल गुनाहगारों को सजा दी जाएगी।
इस मौके पर केशव मोर्या ने दावा किया कि 2019 के लोक सभा के चुनावों में एक बार फिर मोदी सरकार बनेगी। उन्हे गर्व है ऐसे प्रधानमंत्री पर जिसने तीन सालों में एक भी दिन अवकाश नहीं लिया है। अपने इस दौरे में उप मुख्यमंत्री नें पार्टी के नेताओं के अलावा मेरठ मंडल के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा भी की।