लाहौर। पाकिस्तान के लाहौर में एक महिला को बच्चा चोर समझ कर भीड़ ने पीट दिया। महिला एक बच्चे के साथ थी, जो असल में उसी का बेटा है। समाचार पत्र ‘डॉन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, भीड़ ने लाहौर के बोगीवाल की सादिया की इसलिए पिटाई कर दी क्योंकि उसकी शक्ल सूरत उसके बेटे से नहीं मिलती।
समाचार पत्र के मुताबिक महिला कथित तौर पर चोरी के इरादे से एक घर में घुस रही थी, तभी वहां लोगों ने उसे पकड़ लिया। महिला के साथ एक 10 वर्षीय लड़के को देखकर लोग चौकन्ना हो गए। लड़के की शक्ल सूरत अपनी मां से अलग थी, इसलिए लोगों ने महिला को पीटना शुरू कर दिया।
नजदीक के एक परिवार ने उसे भीड़ से छुड़ाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बाद में पुष्टि की कि लड़का उस महिला का ही बेटा है। उसे छोड़ दिया गया। महिला ने भीड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया।