मुंबई। मुंबई में एक बड़ा ही चौकाने वाला मामला सामने आया है। जिसमें एक आदमी ने अपनी पत्नी को इंजेक्शन द्वारा अपनी मां का एचआईवी खून लगा दिया। जिसके कारण महिला का गर्भपात हो गया। बांद्रा-कुर्ला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल आरोपी अभिमन्यु कांबले और अनीता की मुलाकात 2013 में हुई थी और एक साल बाद दोनों ने शादी कर ली। हालांकि जल्द ही अनीता ने अभिमन्यु के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई और तलाक की अर्जी भी दाखिल कर दी।
बता दें कि जिस दिन घटना हुई पति-पत्नी कोर्ट में मौजूद थे। वहां दोनों के बीच बहस हो गई। बाद में अनीत को लगा कि उसको कुछ चुभा है। उसने पाया कि वह एक इंजेक्शन था और पास में उसका पति भी था। सीनियर इंस्पेक्टर कल्पना गाडेकर ने बताया कि पूछताछ में अभिमन्यु ने उसने एचआईवी पॉजिटिव मां का खून इंजेक्शन के जरिए अनीता को दिया था। जांच में भी यही बात सामने आई है।
वहीं अनीता, जो 2 महीने की गर्भवती थी, उसका गर्भपात हो गया। पुलिस ने अभिमन्यु को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी नर्स बहन को भी हिरासत में लिया गया है जिसने खून निकालने में मदद की थी।