इटानगर। अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले के अंतर्गत बोंगखार महकुमा इलाके में लगातार हो रही भारी बरसात के कारण काफी भूस्खलन हुआ है, जिसके चलते देश के बाकी हिस्सों से कट गया है। पिछले कुछ दिनों से भारी भूस्खलन के चलते बमजा और खरुंग के बीच सड़क मार्ग बीते शनिवार को कट गया, जिसके चलते पूरा इलाके देश के अन्य हिस्सों से कट गया है। भारी बारिश के चलते बोमजा इलाके के पाकरचांग में धान की खेती को काफी नुकसान हुआ है।
बता दें कि राजधानी इटानगर के राष्ट्रीय राज्यमार्ग-415 के अनेक हिस्सों में भूस्खलन हुआ है। राष्ट्रीय राज्यमार्ग 415 पर इटानगर और बन्दरदेवा के बीच भूस्खलन के चलते कई स्थानों पर सड़क बंद हो गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी भूस्खलन हुआ है। बन्दरदेवा व निरजुली के बीच कारसिगंसा में भूस्खलन से सड़क बंद हो गई है। जबकि लोवर सुबनसिरि जिले को राजधानी इटानगर से जोड़ने वाले युपिया-होज सड़क पर भी अनेक स्थानों में भारी भूस्खलन हुआ है, जिसके कारण सड़क बंद हो गई है। वहीं राजधानी इटानगर से होकर बहने वाले सभी छोटी और बड़ी नदियां उफान पर हैं। नदियों के आस-पास रहने वाले लोगों के घर बाढ़ के पानी में पूरी तरह से डूबकर नष्ट हो गए हैं। हालांकि राज्य में इस प्राकृतिक आपदा के चलते कोई भी हताहत नहीं हुआ है।