इलाहाबाद। प्रदेश के सियासी गलियारों में दूसरे पायदान की हैसियत रखने वाली बसपा ने सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी में चल रही अंदरूनी जंग पर तंज कसते हुए कहा कि ये सब लूट-खसोट के बंदरबांट को लेकर मुलायम खेमे में झगड़ा मचा हुआ है।इसीलिए मुलायम का कुनबा बिखराव की कगार पर खड़ा है।
ये बातें बसपा के महासचिव सतीष चंद्र मिश्रा ने इलाहाबाद में भाईचारा सम्मेलन में शिरकत करते हुए कही। श्री मिश्र ने कहा कि बाप-बेटे दोनों ही एक दूसरे को अब देखना पसंद नहीं कर रहे हैं। सीएम अखिलेश की हालत तो ऐसी है कि जब अपने पिता और चाचा उन्होंने देख नहीं सकते तो प्रदेश और देश की जनता कैसे अखिलेश को स्वीकार कर सकती है।
मुलायम सिंह के कुनबे का विवाद इस कदर बढ़ गया है कि जनता अब इस खेल से ऊब सी गई है। वो समझ रही है कि जो घर नहीं संभाल पाये वो अब प्रदेश कैसे संभाल सकते हैं। सपा के साथ भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए सतीश मिश्रा ने कहा भाजपा ने लगातार ब्राह्मणों का अपमान किया है आज प्रदेश में भाजपा के सभी ब्राह्मण नेता हाशिए पर खड़े तो इस बात का सबूत दे रहे हैं।