featured राज्य शख्सियत

अमित शाह को योगी समेत कई राजनेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई

Amit Shah Birthday

लखनऊ। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को जन्मदिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनायें, आपकी दीर्घायु व स्वास्थ्य के लिये ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।’’ उन्होंने अमित शाह को राष्ट्रभक्ति संगठन क्षमता, कर्मठता, सहजता, समर्पण और कार्यकर्ता भाव की अद्भुत मिसाल बताते हुए जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Amit Shah Birthday
Amit Shah Birthday

बता दें कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया, ‘बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के प्रेरणा स्रोत और अपार ऊर्जा के धनी माननीय अमित शाह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। 22 अक्टूबर 1964 को जन्मे अमित शाह को बीजेपी का आधुनिक चाणक्य भी कहा जाता है। वह बहुत कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। 1982 में अपने कॉलेज के दिनों में शाह की मुलाकात नरेन्द्र मोदी से हुयी। 1983 में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और इस तरह उनका छात्र जीवन में राजनीतिक रुझान बना। 1986 में शाह भाजपा में शामिल हुये। 1987 में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा का सदस्य बनाया गया। शाह को पहला बड़ा राजनीतिक मौका 1991 में मिला, जब लालकृष्ण आडवाणी के लिए गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में उन्होंने चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाला। इसके बाद 1996 में जब अटल बिहारी वाजपेयी ने गुजरात से चुनाव लड़ना तय किया। तब भी शाह ने चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाला।

वहीं अमित शाह ने 1997 में गुजरात की सरखेज विधानसभा सीट से उप चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। वर्ष 2003 से 2010 तक उन्होंने गुजरात सरकार की कैबिनेट में गृह मंत्रालय का जिम्मा संभाला। 2012 में नारनुपरा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से उनके विधानसभा चुनाव जीतने से पहले उन्होंने तीन बार सरखेज विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह गुजरात के सरखेज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चार बार क्रमशः 1997 (उप चुनाव), 1998, 2002 और 2007 से विधायक निर्वाचित हो चुके हैं।

साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेहद करीबी अमित शाह तब सुर्खियों में आए जब सोलहवीं लोकसभा चुनाव के लगभग 10 माह पूर्व 12 जून 2013 को उन्हें पार्टी का उत्तर प्रदेश प्रभारी बनाया गया। तब प्रदेश में भाजपा की मात्र 10 लोक सभा सीटें ही थी। उनके संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता की बदौलत पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 71 सीटें हासिल की। प्रदेश में भाजपा की ये अब तक की सबसे बड़ी जीत थी। इस करिश्माई जीत के शिल्पकार रहे अमित शाह का कद पार्टी के भीतर इतना बढ़ा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष का पद प्रदान किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी भाजपा सत्ता का अपना वनवास खत्म करने में सफल हुई और शानदार प्रदर्शन करते हुए सरकार बनायी। योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाने के पीछे भी अमित शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गौरतलब है कि अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। वर्ष 2014 में शाह के नेतृत्व में पार्टी ने सदस्यता अभियान शुरू किया। इसकी बदौलत अगले एक वर्ष के भीतर ही पार्टी सदस्यों की संख्या 10 करोड़ से ऊपर पहुंच गई। इसी सदस्यता अभियान के बलबूते भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी। अब शाह विधानसभा चुनाव वाले राज्यों और मिशन 2019 के तहत लोकसभा चुनावों पर ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं। इसके लिए वह लगातार विभिन्न राज्यों का दौरा भी कर रहे हैं, जिससे पार्टी को मजबूती मिल सके। हाल ही में उन्होंने केरल में जन रक्षा यात्रा की। इसके अलावा वह पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, तमिलनाडु ओडिशा और आंध्र प्रदेश का दौरा कर चुके हैं।

Related posts

यूक्रेन संकट: पीएम मोदी ने की यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर बात

Neetu Rajbhar

बीजेपी विधायक का विवादित बयान कहा, गृह मंत्री होता तो बुद्धिजीवियों को मरवा देता गोली

Ankit Tripathi

UP Election 2022: अखिलेश यादव के खिलाफ करहल विधानसभा सीट से बीजेपी ने एसपी सिंह बघेल को बनाया उम्मीदवार

Rahul